नशे में धुत युवक के घर से देशी पिस्टल बरामद,हुआ गिरफ्तार

40 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल, हथियार बेचने वाला आरोपी फरार

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह (29 वर्ष), पिता राजू सिंह उर्फ राजबहादुर सिंह, निवासी परशुरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को स्वप्नील कुमार सिंह को नशे की हालत में पाया गया था। सूचना पर मोहनिया पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की गैलरी में देशी पिस्टल के साथ उसकी एक तस्वीर मिली। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पैतृक घर के कमरे में बेड के तकिए के नीचे छिपाकर रखी एक अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई।


इसके साथ एक फाइटर और आसमानी रंग का आईक्यूओओ कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने पुलिस को बताया कि उसने करीब पांच महीने पहले मुजान गांव निवासी छोटू कुमार, पिता अवधेश खरवार से 40 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी। इस मामले में मोहनियां थाना में कांड संख्या 911/26 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, हथियार बेचने का आरोपित छोटू कुमार फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट