भलुनीधाम में पहली बार बना वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल


बाइक-कार पार्किंग, अस्थायी थाना और चिकित्सा सहायता केंद्र की व्यवस्था; 10 स्थानों पर ड्रॉप गेट, सुरक्षा से सुविधा तक चाक-चौबंद इंतजाम


रोहतास। जिले के मां यक्षिणी भवानी की पावन नगरी भलुनीधाम इन दिनों किसी नई नवेली दुल्हन की तरह सज-संवरकर तैयार है। रंग-बिरंगी सजावट, भव्य मंच, आकर्षक रोशनी और विशाल वाटरप्रूफ पंडाल से सुसज्जित धाम की रौनक देखते ही बन रही है। पहली बार यहां पर्यटन विभाग, बिहार सरकार की ओर से आयोजित हो रहे भलुनीधाम महोत्सव को यादगार बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस बार महोत्सव की खासियत केवल सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा तथा सहूलियत के लिए किए गए व्यापक इंतजाम भी हैं।महोत्सव के इतिहास में पहली बार बारिश और तेज धूप से बचाव के लिए वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल बनाया गया है। आधुनिक संरचना वाले इस विशाल पंडाल में दर्शकों के बैठने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही भव्य मंच और आकर्षक सजावट महोत्सव की रौनक में चार चांद लगा रहे हैं। भोजपुरी, मगही और मैथिली लोकगीतों के साथ लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी सांस्कृतिक विविधता का रंग बिखेरेंगी। स्थानीय से लेकर राज्यस्तरीय कलाकारों तक को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।


सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम


बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आवागमन और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की है। बाइक और कार के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि वाहनों की आवाजाही से कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था उत्पन्न न हो। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्थायी थाना और चिकित्सा सहायता केंद्र की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।भीड़ प्रबंधन और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए धाम तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर 10 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। इनमें बड़ीहा मोड़, माधोपुर मोड़, रविदास मंदिर के पीछे तिराहा, पोखरा के पीछे सड़क, भलुनी टोला, विशंभरपुर, छटका टोला, वन विभाग के पास, भलुनी पुल और सरना मोड़ शामिल हैं। इन स्थानों पर की गई व्यवस्था के माध्यम से वाहनों और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।


पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान की उम्मीद


भलुनीधाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि रोहतास की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक भी है। यहां पहली बार पर्यटन विभाग की ओर से इतने व्यापक स्तर पर महोत्सव का आयोजन होना क्षेत्र के लिए विशेष उपलब्धि है। इस आयोजन के माध्यम से भलुनीधाम की पहचान जिले की सीमाओं से बाहर व्यापक स्तर पर पहुंचने और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

  मां यक्षिणी भवानी की पावन धरती पर सजा यह सांस्कृतिक परिसर श्रद्धा, परंपरा और आधुनिक आयोजन व्यवस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है। धाम की बदली हुई रौनक और आकर्षक साज-सज्जा को देखकर ऐसा प्रतीत होता है, मानो भलुनीधाम अपने अतिथियों के स्वागत में दुल्हन की तरह सजकर तैयार खड़ा हो। अब प्रतीक्षा है उस पल की, जब दर्शकों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से यह पावन परिसर उत्सव के उल्लास से सराबोर होगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट