11 और 12 दिसंबर को होगा माँ मुंडेश्वरी महोत्सव, तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 18, 2026
- 3 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
विभागवार जिम्मेदारी तय करने और समितियों के गठन का निर्देश, स्थानीय व नवोदित कलाकारों को भी मिलेगा मंच
कैमूर:-- जिले की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आगामी 11 एवं 12 दिसंबर को भगवानपुर स्थित धर्मशाला परिसर में दो दिवसीय माँ मुंडेश्वरी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि माँ मुंडेश्वरी महोत्सव कैमूर की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके माध्यम से जिले की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने महोत्सव को भव्य, आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों एवं कोषांगों का गठन करने तथा संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने को कहा गया। साथ ही विभागवार कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक संसाधनों एवं बजट का आकलन ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। महोत्सव में स्थानीय एवं प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिला पदाधिकारी ने स्थानीय एवं नवोदित कलाकारों को विशेष अवसर देने पर जोर दिया। कैमूर के साथ अन्य जिलों के प्रतिभाशाली कलाकारों को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इच्छुक कलाकार कैमूर जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
इसके अलावा जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय में संपर्क कर कार्यक्रम एवं पंजीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। डीएम ने आयोजन स्थल पर मुख्य मंच, साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, पंडाल, दर्शकों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अतिथियों एवं कलाकारों के स्वागत, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, आकर्षक साज-सज्जा, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने को भी कहा गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी कार्ययोजना तैयार कर नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। माँ मुंडेश्वरी महोत्सव के आयोजन से जिले की सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक पहचान को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले में पर्यटन गतिविधियों को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


रिपोर्टर