दिशा एवं बीस सूत्री के बैठक में उठे जनहित के मुद्दे
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 18, 2026
- 3 views
रोहतास।दिशा एवं बीस सूत्री की बैठक में उठे जनहित के मुद्दों पर जिला पदाधिकारी सख्त। दो दिनों में सभी बिंदुओं पर गुणवत्तापूर्ण अनुपालन प्रतिवेदन देने का निर्दश कायाकल्प अभियान को मिलेगी नयी गति। पंचायतों में सड़क, विद्यालय,आंगनबाड़ी,शवदाह केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों के विकास पर विशेष जोर। एक सप्ताह में सभी तकनीकी बाधाएँ दूर कर योजनाओं में प्रगति लाने का निर्देश। जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) तथा जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की पूर्व में आयोजित बैठकों में उठाये गये विभिन्न जनहित के मुद्दों एवं समस्याओं के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गयी।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा प्रेषित अनुपालन प्रतिवेदनों की गुणवत्ता, कार्रवाई की वास्तविक स्थिति तथा समस्याओं के निराकरण की प्रगति का बिंदुवार जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठकों में उठाये गये जनहित के मुद्दों का निराकरण केवल कागजी प्रतिवेदन तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि धरातल पर उसका वास्तविक प्रभाव भी दिखायी देना चाहिए।
समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता,ग्रामीण कार्य विभाग,कार्यपालक अभियंता,पथ प्रमंडल,सिविल सर्जन,जिला पंचायती राज पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों द्वारा भेजे गये अनुपालन प्रतिवेदनों का पुनः सूक्ष्मता से अवलोकन करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बिंदु पर की गयी कार्रवाई,समस्या के निराकरण की वास्तविक स्थिति एवं शेष कार्यों की अद्यतन प्रगति का स्पष्ट उल्लेख करते हुए सम्यक,गुणवत्तापूर्ण तथा तथ्यपरक प्रतिवेदन उपलब्ध करायें। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा की बैठक से संबंधित सभी बिंदुओं का अनुपालन प्रतिवेदन अगले दो दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि संबंधित जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर की गयी कार्रवाई एवं अनुपालन प्रतिवेदन की प्रति उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें,ताकि जनप्रतिनिधियों को भी समस्याओं के निराकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त हो सके। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में संचालित कायाकल्प अभियान की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गयी। अभियान के तहत सभी पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण,मरम्मती,जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लेने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कायाकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित योजनाओं में किसी भी प्रकार की तकनीकी लंबितता को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाय। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर सभी विभागीय योजनाओं की तकनीकी बाधाओं का निराकरण करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाना सुनिश्चित करें। इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों,सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों,सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, सभी अंचल अधिकारियों तथा सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन एवं समन्वय से कायाकल्प अभियान को मूर्त रूप देने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करें।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के चयन,तकनीकी प्रक्रिया एवं क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाये गये मुद्दों एवं आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने,विकास योजनाओं में अनावश्यक विलंब दूर करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने पर विशेष बल दिया। बैठक में प्रभारी अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी,सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी,नगर आयुक्त,नगर निगम,सासाराम, निदेशक,डीआरडीए तथा जिला विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे,जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी,सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,सभी अंचल अधिकारी,सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।


रिपोर्टर