जैतपुरा में PHC की मांग तेज, किसान नेता ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 19, 2026
- 2 views
सर्वेक्षण की मांग, जमीन देने का भी प्रस्ताव
अखिल भारतीय समाचार टीम
कैमूर---- जिले के नुआंव प्रखंड के ग्राम जैतपुरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की स्थापना की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। कैमूर किसान यूनियन के संस्थापक सदस्य पंकज कुमार राय ने इस संबंध में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पत्र भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पंकज कुमार राय ने ईमेल के माध्यम से भेजे पत्र में मांग कि जैतपुरा गांव की आबादी लगभग 8,000 से 10,000 के बीच है। इतनी बड़ी आबादी के बावजूद गांव में अब तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं है। ग्रामीणों को इलाज के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर नुआंव जाना पड़ता है।
उन्होंने पत्र में कहा कि दूरी की वजह से बुजुर्गों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। आपातकालीन स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिल पाना ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गया है।
सर्वेक्षण की मांग, जमीन देने का भी प्रस्ताव
पंकज कुमार राय ने सरकार से मांग की है कि जैतपुरा में PHC की स्थापना के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से गांव की आबादी, भौगोलिक स्थिति और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का सर्वेक्षण कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि PHC के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होती है, तो वे जनहित के इस कार्य के लिए अपने परिवार की निजी भूमि देने के लिए भी तैयार हैं।
मुख्यमंत्री और सिविल सर्जन को भी भेजा पत्र
इस मुद्दे को लेकर पंकज कुमार राय ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, कैमूर के सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारियों को भी ईमेल भेजा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा हर नागरिक का बुनियादी अधिकार है। जैतपुरा में PHC बनने से न केवल जैतपुरा, बल्कि आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने बिहार सरकार और स्वास्थ्य विभाग से इस विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर सर्वेक्षण और स्थापना की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।


रिपोर्टर