विधानसभा सत्र के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे अधिकारी-कर्मचारी

07 से 11 दिसंबर तक आयोजित होगा मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए  निर्देश


राजगढ़ । मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र 7 दिसंबर से 11 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने के दृष्टिगत कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिले के समस्त जिला कार्यालय प्रमुखों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्र अवधि के दौरान मुख्यालय पर उपस्थित रहकर शासकीय दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया है कि विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय-सीमा में तैयार कर शासन को प्रेषित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सभी कार्यालय प्रमुख एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय पर निवास करते हुए अपने शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करें।

जारी निर्देशों के अनुसार, विधानसभा सत्र की अवधि में कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी कलेक्टर की पूर्व अनुमति के बिना अवकाश पर प्रस्थान नहीं करेगा और न ही मुख्यालय छोड़ेगा। समस्त कार्यालय प्रमुख अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इन निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका पालन सुनिश्चित करेंगे।

अनुविभागीय स्तर पर पदस्थ विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष परिस्थितियों में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से अवकाश स्वीकृत कराने के उपरांत ही मुख्यालय छोड़ने की अनुमति होगी। इसके साथ ही सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी विधानसभा प्रश्नों के उत्तर तैयार करने एवं समय-सीमा में प्रेषित करने के लिए आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी तथा इसकी सूचना संबंधित कार्यालय को देना अनिवार्य होगा।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा प्रश्नों से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट