मोहनियां में 20.40 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को दबोचा, 9,180 रुपये नकद भी बरामद फरार मंटू यादव की तलाश में छापेमारी जारी

कैमूर:-- मोहनियां थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20.40 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनियां थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार, वार्ड संख्या-09 निवासी विजय बहादुर यादव के पुत्र लालू यादव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 9,180 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:40 बजे मोहनियां थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दरगाहन बाबा गली, वार्ड संख्या-11 में दो व्यक्ति हेरोइन की बिक्री कर रहे हैं। सूचना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराने के बाद उनके निर्देश पर तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों व्यक्ति भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने खदेड़कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।


पकड़े गए युवक की पहचान लालू यादव के रूप में हुई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके पास मौजूद केसरी रंग की पॉलीथिन की तलाशी ली गई, जिसमें से 20.40 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा 9,180 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मोहनियां थाना कांड संख्या 963/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी मंटू यादव, निवासी मोहनियां वार्ड संख्या-10 की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट