बेलाढ़ी पंचायत के खैरा गांव में धान की क्रॉप कटिंग का डीडीसी ने किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 28, 2026
- 2 views
प्रति हेक्टेयर 60.660 क्विंटल उपज का आकलन
रोहतास।बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत शनिवार को रोहतास जिले के सासाराम प्रखंड अंतर्गत बेलाढ़ी पंचायत के खैरा गांव में धान की क्रॉप कटिंग का प्रयोग कराया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में फसल कटनी का निरीक्षण किया गया।
यह क्रॉप कटिंग किसान प्रहलाद सिंह, पिता धनैश सिंह के खेत में संपन्न कराई गई। इसका उद्देश्य धान की वास्तविक उत्पादकता एवं खेती की लागत का आकलन करना था। उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद द्वारा नियमानुसार रैंडम पद्धति से चयनित खेत में 10×5 मीटर का प्लॉट बनाकर धान की कटाई एवं दौनी (थ्रेसिंग) कराई गई। पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप (CCE Agri App) के माध्यम से संपन्न की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद ने स्वयं अपनी मौजूदगी में धान की कटाई कराई तथा कटाई के बाद उपज का वजन करवाकर उत्पादकता की जांच की। 10×5 मीटर के निर्धारित क्षेत्रफल में क्रॉप कटिंग के दौरान कुल 30 किलो 330 ग्राम उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर 60.660 क्विंटल उत्पादन का आकलन किया गया।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही जिले एवं प्रखंड की फसल की वास्तविक उत्पादकता निर्धारित की जाती है। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्राकृतिक आपदा या कम उपज की स्थिति में किसानों को फसल बीमा एवं सरकारी सहायता का लाभ उपलब्ध कराया जाता है।
इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी राजेश कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर