राजफाश : हर मौसम टेंट में महिला बंदी, कटघरे में व्यवस्था
- राजेश कुमार शर्मा, उत्तर प्रदेश विशेष संवाददाता
- Jun 14, 2018
- 466 views
वाराणसी : जिला जेल में बैरकों की पर्याप्त संख्या न होने के कारण महिला बंदियों की फजीहत हो रही है। वे बरामदे में ताने गए टेंट में रहने के लिए मजबूर हैं। जेल में इस समय 77 महिला बंदी हैं। जिनमें कुछ के साथ बच्चे हैं। महिला बंदियों संग अमानवीय व्यवहार का खुलासा बुधवार को तब हुआ जब उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता सिंह ने जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि जिस तरह महिला बंदियों को रखा गया है वह अमानवीय है। जाड़ा-गर्मी हो या बरसात, महिला बंदी अपने बच्चों के साथ टेंट में रहने को मजबूर हैं। टेंट में रहने के कारण इनकी सुरक्षा को खतरा है। इसकी रिपोर्ट वे केंद्रीय महिला आयोग व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को देंगी। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बैरक के पास से निकलने वाले खुले नाले को तुरंत बंद करने का आदेश भी जेल अधिकारियों को दिया। बताया कि बंदी महिलाओं को योग सीखने के लिए प्रेरित करने की योजना है। इसके लिए बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह को पहल करने का उन्होंने निर्देश दिया।
रिपोर्टर