बीएचयू -छात्रों के दो गुटों में नोंकझोंक , प्रदर्शन

वाराणसी : शनिवार शाम को छात्रों के दो गुटों में नोंकझोंक से माहौल गरमा गया। भगत सिंह छात्र मोर्चा, आंबेडकर विचार मंच, आइसा, परिवर्तनकामी विद्यार्थी मोर्चा के पदाधिकारी, राजकीय दमन और फांसीवादी हमलों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
उसी दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों का एक गुट यहां आ गया और पहले से चल रहे प्रदर्शन के विरोध में नारेबाजी और इनपर कार्यवाही की मांग करने लगे। इस दौरान तरफ से जमकर नारेबाजी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
इससे पहले बीएचयू सिंह द्वार पर शनिवार को कई छात्र संगठनों के पदाधिकारी सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ मनीष और अमिता, पत्रकार रूपेश कुमार सिंह और अन्य राजनीतिक बंदियों को रिहा करने की मांग कर रहे थे।
छात्रों ने सरकार पर जन विरोधी कानूनों को लागू करने का आरोप लगाते हुए उसको तत्काल रद्द करने की भी मांग उठाई। छात्रों ने कहा कि नक्सलवाद के नाम पर आठ सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी यूपी में हुई है।इसमें कई शिक्षक, मजदूर और किसान हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि इसके अलावा जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष सहित 20 छात्रों को बिना नोटिस निलंबन, इलाहाबाद विवि में छात्रसंघ खत्म करने की साजिश रची जा रही है। इस दौरान कड़ी सुरक्षा के बीच सदस्यों ने लंका रविदास गेट तक विरोध मार्च भी निकाला।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट