
महिला थानाध्यक्ष व सिपाही समेत कुल 24 कोरोना पॉजिटिव
- Hindi Samaachar
- Aug 02, 2020
- 486 views
अंबेडकरनगर ।। कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और इसकी चपेट में रोजाना लोग आ रहे है। रविवार को आई रिपोर्ट में अकबरपुर महिला थानाध्यक्ष और एक सिपाही समेत कुल नौ पॉजिटिव मिले वहीं शनिवार को 15 पॉजिटिव मिले थे। दो दिन में 24 कोरोना संक्रमित मिले। हालांकि इन दो दिनों में कोई भी मौत नहीं हुई बल्कि 13 संक्रमित पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर जा चुके है। विभाग ने कम्युनिटी ट्रांसमिशन राेकने और इसके बारे में पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया में तेजी कर दी है। जिले में कुल 280 संक्रमित हो चुके है इसमें से 164 स्वस्थ हो गए हैं और 10 की मौत हाे गई है। इसके साथ ही कुल 106 एक्टिव केस है। अकबरपुर कोतवाली परिसर में बीते दिनों पुलिस कर्मियों का नमूना एकत्र किया गया था। इसकी रविवार को रिपोर्ट आई इसमें एक सिपाही और दूसर महिला थानाध्यक्ष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा जहांगीरगंज में दो, जलालापुर में एक, भियांव, बसखारी तथा टांडा ब्लॉक में एक-एक संक्रमण की चपेट में आएं हैं। वहीं शनिवार को आए रिपोर्ट में कुल 15 लोग पॉजिटिव पाए गए। सर्वाधिक टांडा ब्लाक के आठ संक्रमित शामिल हैं। कटेहरी के शाहपुर परासी में एक, जलालपुर के पारा गांव में दो, अकबरपुर के शहजादपुर कस्बे में दो तथा शुकुल बाजार में दो लोग संक्रमित मिले थे। शुकुलबाजार : स्थानीय बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय पर स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर लगाया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. मार्कंडेय की देखरेख में लगाए गए कुल 58 लोगों का टेस्ट किया गया। इसमें दो लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए थे। सीएमओ ने बताया कि संक्रमितों को एलवन में भर्ती कर केंद्र अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि संपर्क में आए लोगों का नमूना लेने से पहले नवोदय विद्यालय में क्वारंटाइन कराएं। 35 की स्क्रीनिंग 334 का भेजा नमूना : रविवार को भी नमूना एकत्र करने के साथ ट्रूनॉट और एंटीजेन के माध्यम से जांच की जा रही है। इसमें कुल 334 नमूने लिए गए। जिला चिकित्सालय में 35 की स्क्रीनिंंग की गई और 65 लोगों का नमूना लिया गया। इसके साथ ट्रूनॉट से 17 तथा 95 जांच एंटीजेन से हुआ।
रिपोर्टर