अब 100 म‍िनट में पूरा होगा लखनऊ से अयोध्‍या का सफर,160 की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत

अयोध्या ।। वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल रेल अधिकारियों के लिए उत्साहजनक रहा।मंगलवार को गाेरखपुर से लखनऊ के बीच हुए ट्रायल रन में ट्रेन की रफ्तार उम्मीद से भी अच्छी रही।वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रायल में ही समय से पहले अयोध्या जंक्शन पहुंच गई।

इस ट्रेन को गोरखपुर से चल कर सुबह 8.15 पर अयोध्या पहुंचना था,लेकिन ट्रेन 8.12 बजे ही पहुंच गई।अयोध्या से लखनऊ पहुंचने में वंदे भारत को 100 मिनट लगे।अयोध्या से यातायात निरीक्षक दिग्विजय कुमार ट्रेन में अन्य अधिकारियों के साथ सवार होकर लखनऊ रवाना हुए।

रामनगरी के रेलवे ट्रैक पर यह पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन है। सेमी हाईस्पीड ट्रेन की गति 140-160 किलोमीटर प्रति घंटा होती है।अयोध्या में चल रहे दोहरीकरण में उच्च क्षमता वाले स्लीपर लगाए जा रहे हैं।वंदे भारत में आठ कोच लगे हैं,जो चेयरकार हैं।

आगामी सात जुलाई को वंदे भारत ट्रेन का संचालन गोरखपुर से वाया बस्ती,अयोध्या होते हुए लखनऊ तक होगा।भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व रामनगरी के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।जुलाई में रेल मंत्री के भी अयोध्या दौरे की सुगबुगाहट है।

ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही रेलमंत्री अयोध्या आ सकते हैं। रामनगरी में रेलवे की कई बड़ी परियोजनाओं पर काम भी चल रहा है।बुधवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक सोभन चौधरी के भी रामनगरी पहुंचने की संभावना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट