सुईथाकला विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व

सुईथाकला। बाल संरचना  संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज लालापुर में छात्र-छात्राओं ने 15 अगस्त का राष्ट्रीय पावन पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया। प्रधानाचार्य संतोष कुमार पांडेय ने  झंडा फहराया। उन्होंने कहा कि हमारा देश सैकड़ों वर्षों तक विदेशी शासन के अधीन रहा। देश को अनेकों यातनाएं झेलनी पड़ी। जब ब्रिटिश सरकार की तानाशाही की चरम सीमा पर हो गई ऐसी स्थिति में देश के महान क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों को न्यौछावर करके उन्हें देश से खदेड़ कर आजादी दिलाई। लाखों लोगों के बलिदान के रामस्वरूप अंततः देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की विचारधारा को जीवन में अपना कर ही हम इस आजादी को बरकरार रख सकते हैं। प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताया। मौके पर समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। 

इसी क्रम में बाबा महाबल दास इंटर कॉलेज  बड़ौना  पानी टंकी में प्रधानाचार्य राकेश यादव ने ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी की बेड़ियों से आजादी दिलाने में देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सबसे अहम योगदान था। सैकड़ो वर्षों तक देशवासियों ने अंग्रेजी सरकार के अन्याय अत्याचार और उत्पीड़न को  झेला। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं को संबोधन में कहा कि  देश की मातृभूमि में जन्मे भारत माता के वीरों ने ही देश को आजाद कराया। मौके पर समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। 

  इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय अशोकपुर खुर्द में पूर्व नायब तहसीलदार रामधन तथा ग्राम प्रधान दयाराम यादव ने संयुक्त रुप से ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।पूर्व नायब तहसीलदार ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य अहिंसा, असहयोग और सविनय अवज्ञा आंदोलन, चंद्रशेखर आजाद सुभाष चंद्र बोस भगत सिंह के त्याग और बलिदान की बदौलत आजादी मिली। देश उनके तप- त्याग और  उत्सर्ग को हमेशा याद रखेगा। प्रधानाध्यापक एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने उपस्थित शिक्षकों क्षेत्र के गणमान्य लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने छात्रों को बताया कि आज जिस आजादी में हम जीवन जी रहे हैं खुली सांस ले रहे हैं यह सब भारत माता के सपूतों की देन है। मौके पर मंगेश तिवारी, रविशंकर यादव, प्रज्ञा तथा शिक्षामित्र रेखा वर्मा, शबाना अंसारी ,राम अजोर वरिष्ठ भाजपा नेता ,रामखेलावन वर्मा आदि उपस्थित रहे।

इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय बसौली में ग्राम प्रधान शकुंतला देवी ने झंडा फहराया। स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाव व्यक्त करते हुए ग्राम प्रधान ने कहा कि देश की आजादी तभी कायम रह सकती है जब हम जाति ,धर्म, मजहब के समस्त भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए मिलजुल कर रहेंगे। प्रधानाध्यापिका उषा सिंह ने शहीदों को नमन किया।इंद्रसेन तिवारी गुड्डू ने छात्रों को बताया कि देश की एकता और अखंडता तभी कायम रह सकती है जब देश का हर नागरिक  अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन एक श्रेष्ठ नागरिक के रूप में करेगा। राष्ट्र की उन्नति के लिए जिससे जो भी हो सके योगदान जरूर देना चाहिए। इस अवसर पर अंजनी कुमार सिंह, पूर्व  प्रधान  प्रमोद सिंह, वीरेंद्र प्रताप तिवारी, दिव्यांका तिवारी, राजेश कुमार श्रीवास्तव, राजकुमार ,अमरजीत यादव, राकेश कुमार ममता, शारदा देवी, बिंदुमती सिंह आदि उपस्थित रहे।

इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय कोटिया में  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद यादव ने झंडा फहराकर शहीदों को शत शत नमन किया। ग्राम प्रधान ने कहा कि इस दिन, नागरिक स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदानों को याद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं। 15 अगस्त, 1947 को भारत एक स्वतंत्र  देश बन गया और 200 साल पुराने ब्रिटिश शासन के शासन से मुक्ति मिल गई। प्रधान ने आधुनिक शिक्षा की तकनीकी जानकारी के लिए स्मार्ट टीवी विद्यालय में स्थापित करवाया। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को शिक्षा से संबंधित नई जानकारियां प्राप्त होंगी। छात्रों ने देशभक्ति गीत और अन्य विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किया। 

इसी क्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय  दुमदुमा में  प्रधानाध्यापक डॉ राकेश चंद्र तिवारी ने 77 वें स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालय में झंडा फहराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित से बड़ा कोई धर्म नहीं है। देश सुरक्षा एकता और अखंडता की रक्षा के लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए। महापुरुषों का त्याग और बलिदान तभी सार्थक हो सकता है जब हम अपने देश के स्वाभिमान और प्रतिष्ठा की रक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महापुरुषों के विचारों को अपनाकर हम अपने देश को सशक्त बना सकते हैं।

इसी क्रम में रघुपति चिल्ड्रन एकेडमी में समाजशास्त्र के प्रोफेसर डॉ कमलेश कुमार सिंह ने झंडारोहण किया। उन्होंने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे हम बहुमुखी विकास कर सकते हैं। हम देश के लिए तभी कुछ कर सकते हैं जब हम शिक्षित रहेंगे। शिक्षा के अभाव में कोई भी राष्ट्र मजबूत और संपन्न नहीं हो सकता। प्रबंधक डॉ दिनेश कुमार सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति धन्यवाद देते हुए आभार जताया। इस अवसर पर अखिलेश सिंह एडवोकेट, सुरेंद्र सिंह पूर्व प्रधान, संत प्रसाद सिंह पूर्व प्रधानाध्यापक आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट