
भिवंडी पश्चिम में सपा-भाजपा के बीच सीधी टक्कर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 14, 2024
- 242 views
रियाज आज़मी ने उठाए क्षेत्र की समस्याएं
भिवंडी। भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट पर चुनावी गर्मी अपने चरम पर है और समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार रियाज आज़मी ने जनता की समस्याओं को लेकर भाजपा विधायक महेश चौघुले और अन्य प्रतिद्वंद्वियों पर जमकर निशाना साधा। क्षेत्र में घूमने और जनता से जुड़ने के दौरान, आजमी ने समस्याओं का समाधान न होने का मुद्दा उठाते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे पिछले ढाई साल से जनता के बीच में हैं और उनकी समस्याओं को हल करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
रियाज आज़मी ने प्रमुख मुद्दों को उजागर करते हुए बताया कि क्षेत्र में पानी की किल्लत सबसे बड़ी समस्या है। शिक्षा की स्थिति भी दयनीय है। क्योंकि यहां की 5-6 स्कूलें बंद हो चुकी हैं और लाइब्रेरी भी बंद पड़ी है। साथ ही, शहर में महिलाओं के लिए प्रसूति केंद्र का अभाव है और उप जिला अस्पताल की हालत भी बेहद खराब है। रोजगार की कमी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि हमारी बहनें और भाई गोदामों में काम करने के लिए मजबूर है।
वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए, आजमी ने अपक्ष उम्मीदवार विलास पाटिल पर भी सवाल उठाए, जो पिछले 10 वर्षों से मेयर थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जबकि सड़कों की स्थिति भी खस्ताहाल है। केवल एक वार्ड में विकास कर वोट मांगने की बात कहकर उन्होंने विलास पाटिल पर कटाक्ष किया। साथ ही, आजमी ने AIMIM पर भी आरोप लगाया कि उनके नेता उम्मीदवारों से हाथ तक नहीं मिलाते और टिकट की खरीद-फरोख्त करते हैं। आजमी ने कहा कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो सबसे पहले वे भिवंडी का स्लॉटर हाउस को फिर से शुरू करने का काम करेंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के काम को लेकर जनता के बीच भरोसा जताया और कहा कि उनका मुख्य मुकाबला भाजपा से है। आजमी ने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी "बी" टीम का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि सपा पूरी तरह भाजपा के सामने चुनावी रण में है और सपा की जीत पक्की मानी जा रही है। घर-घर जाकर प्रचार कर रहे आजमी का कहना है कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा जनता की सेवा की है और विभिन्न समुदाय उनके साथ जुड़ रहे है जिससे उन्हें जनता का मजबूत समर्थन मिल रहा है।
रिपोर्टर