यूट्यूब चैनल पर आपत्तिजनक पोस्ट, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Mar 06, 2025
- 378 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में सोशल मीडिया के जरिए समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। ‘लाईफ इन भिवंडी’ नामक यूट्यूब चैनल के कमेंट बॉक्स में छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर माहौल भड़काने की कोशिश की गई। इस संबंध में शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के नवजीवन कॉलोनी, पद्मानगर निवासी अनिल कैलासचंद्र केसरवाणी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि यूट्यूब चैनल के कमेंट बॉक्स में ‘नेमत. मो. अझम’ नामक यूजर आईडी से अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणी की गई। इस पोस्ट से दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने पोस्ट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ भी आपत्तिजनक बातें लिखी हैं, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
शिकायत के आधार पर भिवंडी शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 356(2), 192 और 196 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। सहायक पुलिस निरीक्षक दिनेश म्हाले को इस जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


रिपोर्टर