प्रेम संबंध में मदद न करने पर युवक को बेरहमी से पीटा, पांच लोगों पर केस दर्ज

भिवंडी।  प्रेम संबंध में मदद न करने के कारण एक युवक पर पांच लोगों के समूह ने बेरहमी से हमला किया। यह घटना भिवंडी शहर के रोशनबाग इलाके में घटी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय उस्मान हैसियत अली खान, जो एक कॉलेज छात्र है, रोशनबाग क्षेत्र में रहता है। उसी इलाके में रहने वाले खिजर पटेल ने उससे एक लड़की से बातचीत करवाकर प्रेम संबंध जोड़ने में मदद मांगी। जब उस्मान ने इस अनुरोध को ठुकरा दिया, तो खिजर पटेल ने इसे अपना अपमान समझ लिया और उस पर हमला करने की साजिश रची। रात के समय, खिजर पटेल ने उस्मान को परशुराम टावरे स्टेडियम गेट के पास बुलाया। जब उस्मान अपने दोस्त फरहान के साथ वहां पहुंचा, तो खिजर पटेल ने हॉकी स्टिक से उसके नाक पर वार किया। इसके अलावा, उसके साथी खालिद, सैफ, सिफान और सादिक ने लोहे के पंच और मुक्कों से उस पर हमला कर दिया। जब फरहान उसे बचाने आया, तो हमलावरों ने उसे भी पीटा। घटना की शिकायत के बाद, उस्मान खान की तहरीर पर भोईवाडा पुलिस स्टेशन में खिजर पटेल और उसके चार साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट