भिवंडी में एक हत्या सहित दो सड़क दुर्घटनाएं

 एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

भिवंडी।  भिवंडी शहर और आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों के दौरान एक हत्या और दो सड़क हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दापोड़ा गांव स्थित एक गोदाम में काम करने जा रहे भद्रेश नरसय्या कनकुटला (53) को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के साडू श्रीनिवास प्रकाश कस्तूरी की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को भादवड तालाब के पास पैदल जा रहे जीतू कुमार राम अश्रय महतो को तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार (क्रमांक MH 04 LB 6028) ने टक्कर मार दी। हादसे में उनका एक पैर टूट गया और शरीर पर अन्य चोटें भी आईं। घायल को मदद पहुंचाने के बजाय कार चालक मौके से फरार हो गया। शांतिनगर पुलिस ने इस मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार को शांतिनगर पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत दत्तू नगर भादवड के एक खाली मैदान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव के सिर और शरीर पर गहरे घाव पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासी सचिन कृष्णा जगताप की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) विनोद पाटिल द्वारा की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट