अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 06, 2025
- 158 views
विदेशी नागरिक कानून के तहत मामला दर्ज
भिवंडी। ठाणे जिले के भिवंडी शहर में एक बांग्लादेशी नागरिक के अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर लंबे समय से ठिकाना बनाए रखने का मामला उजागर हुआ है। इस संबंध में नारपोली पुलिस ने विदेशी नागरिक कानून के तहत आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ठाणे शहर अपराध शाखा के पुलिस हवलदार धनंजय रामचंद्र ठोमरे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंजूर फाटा स्थित दादोबा कंपाउंड से अब्दुल सलाम शेख (42) नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि अब्दुल सलाम बांग्लादेश के चित्तगांव जिले का निवासी है और वह विद्या बालक स्कूल, कामतघर क्षेत्र में कई महीनों से बिना किसी वैध पासपोर्ट और वीजा के अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने भारतीय सीमा में गैरकानूनी रूप से प्रवेश कर भिवंडी के कामतघर गांव में अपना ठिकाना बना लिया था। इस दौरान उसके पास न तो कोई पासपोर्ट था और न ही भारत में रहने का वैध वीजा। इस गंभीर उल्लंघन को देखते हुए नारपोली पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय विदेश प्रवासन अधिनियम 1920 की धारा 3, 4 और विदेशी नागरिक कानून 1946 की धारा 13, 14(अ)(ब) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह किसी नेटवर्क या संगठन के माध्यम से भारत में दाखिल हुआ था। यह मामला देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


रिपोर्टर