
भारतीय सैनिकों के सम्मान में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने की दयानंद चोरघे की अपील
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 19, 2025
- 96 views
भिवंडी। "ऑपरेशन सिंदूर" में भारतीय जवानों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस को सलाम और आतंकवादी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आगामी बुधवार, 21 मई 2025 को पूरे महाराष्ट्र राज्य में 'तिरंगा यात्रा' आयोजित की जा रही है। इस निर्णय की घोषणा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है। इस आदेश के तहत ठाणे जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष दयानंद चोरघे के मार्गदर्शन में अंबरनाथ शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा रसाल पाटील और बदलापूर शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय जाधव के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर 21 मई को सुबह 10 बजे अंबरनाथ (पश्चिम) शहर से प्रारंभ होगी। दयानंद चोरघे ने अपील की है कि इस तिरंगा यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सभी देशभक्त नागरिक भारी संख्या में शामिल हों और भारतीय सेना के साहस व बलिदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करें। उन्होंने कहा कि जब देश की सुरक्षा पर संकट आता है, तब कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। "ऑपरेशन सिंदूर" की सफलता में भारतीय सैनिकों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। देश की सीमाओं पर जवानों की सतत रक्षा के कारण ही हम सब सुरक्षित हैं। ऐसे वीर सैनिकों का सम्मान करना हर देशवासी का कर्तव्य है। इसी भावना के साथ कांग्रेस पार्टी ने राज्यभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया है। ठाणे ग्रामीण जिला कांग्रेस की ओर से आयोजित अंबरनाथ की इस यात्रा में महाविकास आघाड़ी के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनसामान्य से इसमें सहभागी होने की अपील दयानंद चोरघे ने की है।
रिपोर्टर