भिवंडी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित जलजमाव और बाढ़ का खतरा गहराया

भिवंडी। भिवंडी शहर और ग्रामीण इलाकों में बीती रात से मूसलधार बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर आशंका उत्पन्न हो गई है। अगर बारिश की तीव्रता इसी तरह बनी रही तो हालात और भी अधिक गंभीर हो सकते हैं।शहर से सटे हुए कामवारी नदी की जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। पानी के तेज प्रवाह के कारण नदी में उग आई जलकुंभी (वॉटर हायसिंथ) बहकर नदी नाका पुल के नीचे आकर फंस गई है,जिससे नदी का प्रवाह अवरुद्ध हो रहा है और बाढ़ का खतरा और अधिक बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही इन जलकुंभी को हटाया नहीं गया, तो भारी बारिश की स्थिति में नदी का पानी सीधे शहर में घुस सकता है और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वर्तमान में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, और हर बीतते घंटे के साथ खतरा और अधिक बढ़ता जा रहा है।हालांकि नदी पुल के नीचे जलकुंभी फंसे होने की सूचना पहले ही मिल चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। नागरिकों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।स्थानीय रहवासी शब्बीर शेख ने बताया, “हमें डर है कि अगर बारिश यूं ही चलती रही, तो रात होते-होते नदी का पानी म्हाडा कालोनी के घरों में घुस जाएगा। हमने कई बार प्रशासन को सूचित किया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।” मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।शहरवासियों का कहना है कि मानसून पूर्व तैयारियों के नाम पर हर साल बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में हालात ज्यों के त्यों रहते हैं। यदि समय रहते जलकुंभी साफ कर नदी का प्रवाह सामान्य नहीं किया गया, तो यह चूक पूरे शहर को भारी पड़ सकती है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट