भिवंडी मनपा आयुक्त अनमोल सागर का ऐलान -- शहर को खेल के क्षेत्र में बनाएंगे पहचान

भिवंडी। भिवंडी-निजामपूर शहर महानगरपालिका के क्रीड़ा विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने स्पष्ट किया कि, "खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यावसायिक अवसरों का एक सशक्त माध्यम है। यदि इसे लक्ष्य बनाकर मेहनत की जाए, तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया जा सकता है।" उन्होंने कहा कि भिवंडी को खेल के क्षेत्र में पहचान दिलाने के लिए महानगरपालिका हर संभव सहयोग देने को तैयार है।यह प्रशिक्षण शिविर उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था जिन्होंने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्राविण्य प्राप्त किया है। शिविर में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के होनहार खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शहर अभियंता जमील पटेल के हाथों शिविर के पहले सत्र के उद्घाटन से हुई। शिविर में आहार विशेषज्ञ डॉ. धनंजय मोरे, क्रीड़ा मानसोपचार तज्ञ डॉ. राधिका धारप, क्रीड़ा फिजियोथेरपिस्ट डॉ. शरयू एस और राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक सुशील इनामदार ने खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को सही खान-पान, मानसिक मजबूती और शारीरिक फिटनेस के महत्त्व पर जानकारी दी। समारोह की शुरुआत में विद्यार्थियों ने योगा का सुंदर प्रात्यक्षिक प्रस्तुत किया। समापन के अवसर पर आयुक्त अनमोल सागर के हाथों राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सन्मान और गौरव किया गया।इस सफल आयोजन में क्रीड़ा विभाग प्रमुख मिलिंद पलसुले और क्रीड़ा अधिकारी शरद कलावंत ने विशेष भूमिका निभाई। उनकी मेहनत से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयुक्त अनमोल सागर के शब्दों में उम्मीद की नई किरण दिखी है कि आने वाले समय में भिवंडी शहर खेल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट