भिवंडी में अनाधिकृत निर्माण पर चला बुलडोजर, 12 अवैध दुकानें जमींदोज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jun 26, 2025
- 302 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में अनाधिकृत निर्माण पर भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बुधवार को वार्ड समिति क्रमांक 3 के अंतर्गत कामतघर इलाके में स्थित सर्वे क्रमांक 4/1/ए पर बने 12 अवैध दुकानों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।यह कार्रवाई सहायक आयुक्त सुरेंद्र भोईर के नेतृत्व में की गई, जिसमें उपायुक्त विक्रम दराडे और बीट निरीक्षक सूरज गायकवाड समेत अतिक्रमण विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। मनपा प्रशासन ने बताया कि यह निर्माण कार्य भगवान मल्लेशम उपुल्ला द्वारा नियमों को ताक पर रखकर किया गया था। मनपा ने पहले कानूनी प्रक्रिया पूरी की और इसके बाद संबंधित पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद भिवंडी शहर पुलिस की सुरक्षा में जेसीबी से अनधिकृत निर्माण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कर्मचारी नारायण पाटिल, इंद्रपाल जाधव, जयेश जाधव सहित अतिक्रमण दस्ता पूरी मुस्तैदी से मौजूद रहा।मनपा आयुक्त अनमोल सागर के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयुक्त ने चेतावनी दी है कि यदि बिना अनुमति के निर्माण कार्य किया गया तो उसकी तुरंत जानकारी संबंधित विभाग को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।भिवंडी में पिछले कुछ वर्षों में अवैध निर्माण का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, जिससे न केवल शहर की सौंदर्यता प्रभावित हो रही है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। मनपा प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को शहरवासियों का भी समर्थन मिल रहा है।भविष्य में ऐसे और भी अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जा सकती है। मनपा ने स्पष्ट कर दिया है कि अब अवैध निर्माण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं् जाएगा।


रिपोर्टर