भिवंडी के विद्याश्रम पोस्ट कार्यालय में IT 2.0 सुविधा का शुभारंभ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 23, 2025
- 209 views
डिजिटल युग में डाक सेवा को मिलेगी नई रफ्तार।
भिवंडी। देशभर में डाक सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा "IT 2.0" सॉफ्टवेयर प्रणाली की शुरुआत की जा रही है। इसी क्रम में भिवंडी के विद्याश्रम पोस्ट कार्यालय में मंगलवार को इस अत्याधुनिक प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी के शुभहस्ते फिता काटकर किया गया। कार्यक्रम में पोस्टमास्टर दिलीप बांबरे, पोस्ट ऑफिस के समस्त कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पोस्टमास्टर दिलीप बांबरे ने जानकारी दी कि IT 2.0 एक उन्नत पोस्टल टेक्नोलॉजी है, जो देश में डाक सेवाओं को डिजिटल क्रांति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से अब नागरिक कहीं से भी अपने डाक से जुड़ी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। पत्र व्यवहार और पार्सल ट्रैकिंग जैसी सेवाएं अब अधिक सरल और सटीक होंगी। उन्होंने कहा कि यह नई प्रणाली पारंपरिक डाक व्यवस्था को तकनीकी मजबूती प्रदान करेगी और डाक सेवाओं को डिजिटल युग के अनुरूप बनाएगी। इससे निश्चित ही भारतीय डाक सेवा को नई पहचान और गति मिलेगी।स्थानीय नागरिकों और ग्राहकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस डिजिटल परिवर्तन से डाक सेवाएं और अधिक भरोसेमंद बनेंगी।


रिपोर्टर