गायत्रीनगर का कुख्यात बदमाश " बाबा चड्डी मुनिर" तलवार के साथ गिरफ्तार

भिवंडी। शहर के शांतिनगर पुलिस थाने की टीम ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो भिवंडी पुलिस उपायुक्त द्वारा जारी तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करते हुए शहर की सीमा में अवैध रूप से घूमता पाया गया। आरोपी का नाम रमजान उर्फ बाबा चड्डी मुनिर शेख (30) है, जो गायत्रीनगर पुलिस चौकी, पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 56(1)(A)(B) के अंतर्गत उसे भिवंडी, ठाणे, पालघर, मुंबई उपनगर और रायगढ़ जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद वह 28 जुलाई की शाम लगभग साढ़े सात बजे गायत्रीनगर के पहाड़ी सीमा में घूमता पाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गायत्रीनगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसने लोगों के सामने चिल्लाकर कहा, "यहां के हम भाई हैं। हम किसी को नहीं छोड़ेंगे। सबको काट देंगे।" जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोहे की धारदार तलवार भी जब्त की है। उसके खिलाफ शांतिनगर पुलिस थाने में गु.र. क्र. 898/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-2, भिवंडी के निर्देशानुसार की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ के मार्गदर्शन में अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम ने मिलकर यह कार्यवाही अंजाम दी। जिसकी आगे की जांच शांतिनगर पुलिस कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट