जर्जर इमारत पर मनपा की बड़ी कार्रवाई जेसीबी से ढहाई रिगल होटल बिल्डिंग
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 13, 2025
- 190 views
भिवंडी । भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण और जर्जर इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को प्रभाग समिति क्रमांक-1 अंतर्गत नागांव रोड, बैताल पाड़ा, निजामपुरा चौथा स्थित तीन मंजिला ‘रिगल होटल’ इमारत (संपत्ति क्रमांक 418/0) को जेसीबी की मदद से ढहाना शुरू किया गया।
इस इमारत को सहायक आयुक्त मकसूम शेख पहले ही अतिधोकादायक (सी-1 श्रेणी) घोषित कर चुके थे। 31 जुलाई 2025 को पहली कार्रवाई में बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए गए थे। कुल 18 कमरों वाली इमारत को बुधवार सुबह पूरी तरह खाली करा लिया गया। मनपा आयुक्त अनमोल सागर, अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके और उपायुक्त (अतिक्रमण) बिक्रम दराडे के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त मकसूम शेख के नेतृत्व में बीट निरीक्षक व अतिक्रमण पथक ने शांतिनगर पुलिस की सुरक्षा में ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया।सहायक आयुक्त मकसूम शेख ने बताया कि इस साल सी-1 श्रेणी में 39 इमारतें जर्जर घोषित की गईं। इनमें से 20 मालिकों ने स्ट्रक्चरल ऑडिट रिपोर्ट जमा की, जबकि 4 इमारतें पहले ही तोड़ी जा चुकी हैं। 15 अन्य इमारतों पर कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार है।बुधवार की कार्रवाई में सहायक आयुक्त मकसूम शेख, बीट निरीक्षक नितीन जामनेकर, रविंद्र जाधव समेत मनपा और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर