बोगस डाॅक्टरों की अब खैर नहीं !
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 26, 2025
- 257 views
भिवंडी मनपा की सख्त पहल, रोजाना होगी क्लिनिक - हॉस्पिटल की जांच
भिवंडी। नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले बोगस डॉक्टरों पर अब भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका ने कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया है। मनपा प्रशासन ने वैद्यकीय आरोग्य विभाग के माध्यम से अभियान शुरू किया है, जिसके तहत मनपा क्षेत्र में चल रहे अस्पतालों और दवाखानों की नियमित जांच की जाएगी।
प्रशासक तथा आयुक्त के निर्देशानुसार पालिका के वैद्यकीय अधिकारी और नागरी आरोग्य केंद्रों के कर्मचारी रोजाना अस्पतालों और क्लिनिक का दौरा करेंगे। इस दौरान वहां कार्यरत डॉक्टरों की डिग्री और अन्य प्रमाणपत्रों की बारीकी से जांच होगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि डॉक्टरों की मूल डिग्री प्रमाणपत्र रुग्णालय या क्लिनिक के दर्शनीय स्थान पर टांगे गए हैं या नहीं।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी जांच में यह पाया गया कि बिना डिग्री अथवा अवैध रूप से कोई व्यक्ति चिकित्सा व्यवसाय कर रहा है, तो उसकी सूची तुरंत वैद्यकीय आरोग्य विभाग को सौंपी जाएगी। इसके बाद ऐसे बोगस डॉक्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. संदीप गाडेकर, वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी, भिवंडी-निजामपुर मनपा ने बताया कि “यह मोहीम नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। अवैध रूप से चिकित्सा करने वालों पर अंकुश लगेगा और साथ ही नागरिकों में जनजागृति भी होगी।” भिवंडी-निजामपुर मनपा की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में फैली अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और लोगों को सुरक्षित व प्रमाणित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।


रिपोर्टर