भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने अर्पित की 5 किलो चांदी की गदा

भिवंडी। भिवंडी के धामणकर नाका मित्र मंडल एवं स्वाभिमान सेवा संस्था का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरानुसार आयोजित 37वां भव्य गणेशोत्सव इस वर्ष भी धार्मिक आस्था और समाजसेवा का संगम बनकर उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस गणेशोत्सव की खास बात यह रही कि भाजपा महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने ‘एकात्मतेचा राजा बाप्पा’ के चरणों में 5 किलो वजनी चांदी की गदा अर्पित की। यह गदा उन्होंने अपने नवस (मनौती) पूर्ण होने पर समर्पित की। आयोजन समिति ने इस क्षण को भक्तिभाव और इतिहास से जुड़ा हुआ बताया। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मंडल ने इस वर्ष भी समाज जागरण और सेवा कार्यों को प्रमुखता दी है। रवींद्र चव्हाण के हाथों गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। यह पहल महिलाओं के आत्मनिर्भरता और समाज उन्नयन का प्रतीक बनी। गणेशोत्सव की पृष्ठभूमि पर मंडल ने कई प्रेरणादायी विषयों को भी स्थान दिया है। इतिहास और गडकिल्लों की परंपरा, राष्ट्रभक्ति का संदेश, महिला सशक्तिकरण, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ऑपरेशन सिंदूर जैसे उपक्रमों ने इस उत्सव को धार्मिक कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर सामाजिक और प्रेरणादायी पर्व बना दिया है। मंडल अध्यक्ष संतोष एम. शेट्टी ने बताया कि गणेशोत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कृति, श्रद्धा, इतिहास और समाजसेवा का अद्वितीय संगम है, जिसका साक्षात उदाहरण धामणकर नाका मित्र मंडल प्रस्तुत कर रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट