काल्हेर गांव में मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी,दो पर मामला दर्ज

भिवंडी। भिवंडी तालुका के काल्हेर गांव में एक बार फिर बिजली चोरी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। शांतिनगर पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ बिजली चोरी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, काल्हेर गांव दत्त मंदिर परिसर के निवासी लतीफ शेख और नरेंद्र घोल ने भाव रेसिडेंसी, प्लांट क्रमांक 108 में बिजली मीटर से छेड़छाड़ कर खपत कम दिखाने की कोशिश की। जांच में सामने आया कि दोनों ने अनधिकृत रूप से 6,308 यूनिट बिजली का उपयोग किया, जिससे टोरेंट पावर कंपनी को लगभग 1,76,101 रुपये का नुकसान हुआ। सूचना मिलने पर टोरेंट पावर कंपनी के कार्यकारी अधिकारी निखिल दीपक परब अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण में चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद शांतिनगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक घोलप कर रहे हैं।भिवंडी में यह घटना कोई पहली बार नहीं है। बिजली चोरी के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे बिजली आपूर्ति कंपनियों को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट