भिवंडी में भी ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 17, 2025
- 142 views
भिवंडी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंदौर में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ किया। इसी के तहत शासन से प्राप्त निर्देशानुसार भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका क्षेत्र में भी इस अभियान की औपचारिक शुरुआत बाई गुलबाई पेटीट दवाखाना (बीजीपी-यूसीएचसी) में की गई। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मनपा के अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के हाथों हुआ। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की प्रसूति पूर्व जांच, टीकाकरण सेवा, हीमोग्लोबिन टेस्ट, क्षयरोग (टीबी) व सिकलसेल की जांच सहित कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही आयुष्मान कार्ड और आधार आधारित कार्ड की नोंदणी कर पात्र लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर कुल 245 महिलाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में उपस्थित वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी डॉ. संदीप गाडेकर ने अभियान के अंतर्गत की जाने वाली जांचों और उनसे महिलाओं को होने वाले फायदों की जानकारी दी।।अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके ने चिकित्सा विभाग और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।अभियान के शुभारंभ के बाद क्षयरोग विभाग प्रमुख डॉ. बुशरा शेख ने लोगों से “निक्षय मित्र” बनने की अपील की ताकि टीबी रोगियों को सहयोग मिल सके। इस अवसर पर अब तक टीबी मरीजों की मदद करने वाले नागरिकों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में बीजीपी अस्पताल की अधीक्षक डॉ. विद्या शेट्टी, डॉ. बारोड, प्रशासन अधिकारी नितेश चौधरी, आशा सेविका समेत बड़ी संख्या में महिला उपस्थित थीं। महानगरपालिका प्रशासन ने जानकारी दी है कि “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। प्रशासन ने सभी महिलाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शहरी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर इस अभियान का लाभ लें और संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।


रिपोर्टर