भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका में अभिजात मराठी भाषा सप्ताह की शुरुआत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 03, 2025
- 220 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका की ओर से आज से अभिजात मराठी भाषा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार के परिपत्रकानुसार हर वर्ष 3 अक्टूबर को "अभिजात मराठी भाषा दिवस" और 3 से 9 अक्टूबर तक "अभिजात मराठी भाषा सप्ताह" मनाया जाता है।
शहर में इस सप्ताह का उद्घाटन शुक्रवार को दोपहर 12 बजे श्री मार्कंडेय महामुनी वाचनालय में किया गया। दीप प्रज्वलन का कार्य अतिरिक्त आयुक्त विट्ठल डाके ने संपन्न किया। इस अवसर पर "महाराष्ट्राची महावक्ता" कार्यक्रम की विजेता कु. संस्कृती सदानंद म्हात्रे ने विशेष प्रस्तुति दी। वहीं वाचनालय की ओर से ग्रंथ प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एमपीएससी और यूपीएससी के विद्यार्थी शामिल हुए। अतिरिक्त आयुक्त डाके ने छात्रों को मराठी भाषा और साहित्य की विरासत को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर नगरसेवक संतोष शेट्टी, सहायक आयुक्त (निर्वाचन) नितीन पाटिल, वाचनालय विभाग प्रमुख सुदाम जाधव समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।महानगरपालिका के स्कूलों में भी सप्ताह भर विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में ग्रंथ दिंडी, ग्रंथ प्रदर्शनी और व्याख्यानमाला जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। महानगरपालिका के प्रशासक तथा आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) ने नागरिकों से इस सप्ताह में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होकर मराठी भाषा के संवर्धन में योगदान देने की अपील की है।


रिपोर्टर