गोवर्धन पूजा पर गौमाता की सेवा और पूजन से प्रदेश में धर्म-संस्कृति के संवर्धन का संदेश


 राजगढ़।  गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को विकास खण्ड ब्यावरा में स्थित वैष्णव देवी गो चिकित्सा केंद्र की गौशाला में मध्यप्रदेश पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गौ-पूजन एवं गोवर्धन पर्व का शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने गौमाता की सेवा एवं पूजन-अर्चन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  श्री पंवार ने कहा कि गौमाता हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सशक्त आधारशिला हैं। गौ-सेवा ही ईश्वर-सेवा है। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा और पूजा से मन को अद्भुत शांति और दिव्य आनंद की अनुभूति होती है।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने बताया कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत–आत्मनिर्भर गौग्राम” के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह पावन पहल है। गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में पारंपरिक त्यौहारों को शासकीय स्तर पर हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है, जिससे सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने गौशाला में निष्ठा एवं समर्पण भाव से सेवा कर रहे गौसेवकों का अंगवस्त्र से सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया। अंत में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने सभी उपस्थित नागरिकों और गौभक्तों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा आइए, हम सब मिलकर गौ-सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लें।”

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट