गया जिले में सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन योजना को मिली रफ्तार, 15 प्रखंडों में बनेंगे बिक्री केंद्र
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 03, 2026
- 21 views
संवाददाता प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गया-- बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य सब्जी उत्पादक किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना का क्रियान्वयन त्रिस्तरीय सहकारी संरचना के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी प्रखंड स्तर पर प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों एवं संघों का गठन किया गया है।
गया जिले के सभी प्रखंडों में सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों का गठन कर उन्हें संघों से संबद्ध किया जा रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से सीधे सब्जी क्रय कर बाजार में विक्रय करना है, जिससे उत्पादक और उपभोक्ता दोनों को लाभ मिल सके।इस संबंध में जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर ने बताया कि सब्जी बिक्री केंद्र की स्थापना के लिए सभी अंचलों में भवन निर्माण का कार्य जिला सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड में लगभग 10 हजार वर्गफीट भूमि चिन्हित की जा रही है, जहां आधारभूत संरचना का निर्माण किया जाएगा।वर्तमान में जिले के 15 प्रखंडों में भूमि चिन्हित की गई है। इनमें नगर के नौगढ़ मौजा, मानपुर के डेल्हा मौजा, फतेहपुर के पकरी मौजा, बेलागंज के हरगांव मौजा, टनकुप्पा के ढिबर मौजा, बाकेबाजार के दीघासिन मौजा, डुमरिया के गोटीवांध मौजा, बाराचट्टी के सोम मौजा, मोहनपुर के पथरा मौजा, डोभी के डोभी मौजा, परैया के नेउरिया मौजा, अतरी के टेंटुआ मौजा, खिजरसराय के लोदीपुर मौजा, मोहड़ा के बेला मौजा तथा नीमचक बथानी के मोरबाबीचक मौजा शामिल हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि इन बिक्री केंद्रों के निर्माण से किसानों को सब्जी भंडारण एवं विपणन में काफी सुविधा होगी। वे अपनी उपज को नजदीकी बाजारों में आसानी से बेच सकेंगे, जिससे उन्हें उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आमदनी में वृद्धि होगी। यह योजना जिले के किसानों के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभर रही है।


रिपोर्टर