भिवंडी में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 23, 2025
- 345 views
कई घायल — पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए
भिवंडी। शहर के पद्मानगर के एक आवासीय परिसर में दिवाली की रात दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। दोनों ही पक्षों की ओर से शिकायतें दर्ज की गई हैं। शहर पुलिस ने इस घटना के संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है, जब परिसर में दिवाली के अवसर पर सजावट और आतिशबाजी को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडों से वार किए गए और आसपास खड़ी कुछ दोपहिया गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शहर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, झगड़े में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि विवाद की शुरुआत किसने की और घटना में किसने कितना नुकसान पहुंचाया।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में त्यौहारों के दौरान पहले भी झगड़ों की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो। भिवंडी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “नागभूषण रामलू अडगटला की शिकायत के आधार पर चंद्रमौली लक्ष्मी नारायण भंडारी, कांदी कोडा प्रकाश,दीपक रमेश दुसा, आंदेसत्यम, चंद्रमौली का लड़का,कंदीकोडा प्रकाश के तीन लड़के,दीपक के जीजा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस पक्ष में नागभूषण और उनके दोनों लड़के जख्मी है। वही पर दूसरे पक्ष के सत्य नारायण भोजना अंदे की शिकायत पर नागभूषण रामलू अडागटला, व्यंकटरमन नाग भूषण अडागटला और श्याम कुमार नागभूषण अडागला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि सत्यनारायण आंदे और उनका चचेरा भाई चंद्रमौली जख्मी है। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।”


रिपोर्टर