भिवंडी में सपा प्रदेश मुखिया अबू आसीम आजमी के “30 साल बेमिसाल” का होगा भव्य स्वागत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 29, 2025
- 301 views
भिवंडी। समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अबू आसीम आजमी के जनसेवा के 30 गौरवशाली वर्षों को समर्पित एक विशेष समारोह का आयोजन शहर में किया जा रहा है। भिवंडी की लगभग 30 सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्टूबर को हयात मैरिज हॉल,खंडूपाडा में “तीस साल बेमिसाल” कार्यक्रम का आयोजन होगा। शहर में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है,पूर्व महापौर अहमद सिद्दीकी ने पत्रकार परिषद के दौरान बताया कि अबू आसिम आजमी ने पिछले तीन दशकों में गरीब, दलित, वंचित एवं मुस्लिम समाज की आवाज बुलंद कर उन्हें न्याय दिलाने का निरंतर प्रयास किया है। भिवंडी शहर के प्रति उनके विशेष लगाव को देखते हुए इस भव्य समारोह की तैयारी की गई है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश मुखिया ने हमेशा लोगों के हितों को प्राथमिकता दी है और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। इसी दौरान उन्होंने सपा विधायक रईस शेख पर तंज कसते हुए कहा कि, “उन्होंने अपनी विधानसभा सीट पर मुंबई से एक अनमोल हीरा लाकर विकास का रास्ता खोला है।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस आयोजन को विफल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी यह सोच पूरी तरह गलत साबित होगी। यह कार्यक्रम तय समय, तय स्थान पर भव्य रूप से ही आयोजित होगा। अहमद सिद्दीकी ने शहर के सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अबू आसीम आजमी के जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की। सिद्दीकी ने कहा कि भिवंडी एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है—जहाँ जनसेवा को समर्पित तीन दशक का जश्न जनता की उपस्थिति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।


रिपोर्टर