पडघा–बोरिवली में एटीएस व ईडी की छापेमारी

दहशतवादी गतिविधियों से जुड़े आर्थिक लेनदेन के सुराग मिलने के बाद कई घरों पर कार्रवाई


भिवंडी। दहशतवादी गतिविधियों से जुड़े आर्थिक लेनदेन के एक मामले में सुरक्षा एजेंसियों को मिले महत्वपूर्ण इनपुट के बाद गुरुवार तड़के एटीएस और ईडी की संयुक्त टीम ने भिवंडी तालुका के पड़घा–बोरिवली गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान सामने आया कि यह गांव करीब 25 वर्षों से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के रडार पर है। वर्ष 2002 और 2003 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में इसी गांव से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। इसी आरोपी का पुत्र भी आतंकवादी गतिविधियों में शामिल पाया गया था, जिसे 11 अगस्त को गिरफ्तार किया गया,एजेंसियों ने बताया कि पड़घा–बोरिवली गांव पर कार्रवाई इसलिए भी तेज की गई है क्योंकि यहां एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े संदिग्ध ने स्वतंत्र कैबिनेट, स्वतंत्र राष्ट्र और अलग संविधान का मसौदा तक तैयार किया था। जांच में यह भी सामने आया कि इस दौरान कई युवाओं को कट्टर गतिविधियों में शामिल किया जा रहा था। करीब तीन महीने पहले इसी इलाके से दो अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया था। इन घटनाओं के बाद यह गांव खुफिया एजेंसियों की नजर में अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाने लगा है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गांव के कुछ युवाओं को प्रतिबंधित संगठन में शामिल किया गया था और उन्हें हथियार बनाने का प्रशिक्षण दिए जाने की भी आशंका है। विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर आरोपी प्रतिबंधित संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए एक मासिक पत्रिका में भड़काऊ सामग्री तैयार कर रहे थे। यह जानकारी एनआईए की जांच में सामने आई है।इस वर्ष जून में एटीएस ने ठाणे ग्रामीण पुलिस के साथ मिलकर स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के पूर्व पदाधिकारी साकीब नाचन सहित 22 लोगों के घरों पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान 19 मोबाइल फोन, कट्टरपंथ से जुड़ा साहित्य और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए थे। लगभग दो वर्ष पहले भी एनआईए ने इसी गांव में कई संदिग्धों के घरों पर छापे मारे थे। एनआईए द्वारा गिरफ्तार साकीब नाचन का इसी वर्ष जून में दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। एजेंसियों की इस ताज़ा कार्रवाई के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा कई लोगों से पूछताछ जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट