विकास कार्य ठप, नागरिकों में आक्रोश बढ़ा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 12, 2025
- 127 views
इंजीनियरों पर सड़क-गटर मरम्मत रोकने का आरोप
तीन दिन में काम न शुरू हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका के वार्ड क्रमांक 22 में पिछले कई महीनों से विकास कार्य ठप पड़े होने से नागरिकों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। पूर्व नगरसेवक श्याम अग्रवाल व भाजपा नेता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इंजीनियरों ने जानबूझकर सड़क और गटर मरम्मत कार्य रोक दिए हैं, जिसके चलते स्थानीय लोगों को भारी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। अग्रवाल ने पालिका आयुक्त और संबंधित विभाग को भेजे गए पत्र में बताया कि क्षेत्र की कई सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। गटर व नालों की सफाई और मरम्मत न होने से बरसात में पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर संकट मंडराता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिकायतें देने के बावजूद प्रशासनिक उदासीनता बरकरार है।पूर्व नगरसेवक का कहना है कि पिछले दो वर्षों में कई बार लिखित शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, वहीं जाम गटरों से उठती बदबू ने नागरिकों का जीना मुश्किल कर दिया है। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि शिकायतों को सुनियोजित तरीके से अनदेखा किया जा रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्रवासियों की लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। अग्रवाल ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर सड़क और गटर मरम्मत कार्य शुरू नहीं किए गए, तो वे नागरिकों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र की दयनीय होती हालत को देखते हुए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और समस्या का समाधान हो सकें।


रिपोर्टर