भिवंडी में 2.18 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दो पर मामला दर्ज

भिवंडी। शहर के शांतिनगर पुलिस स्टेशन की सीमा में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई में पुलिस ने एमडी ड्रग्स सहित कुल 2 लाख 18 हजार 70 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस मामले में शांतिनगर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 21(ब), 29 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान विस्मील उर्फ फैज (निवासी धामणकर नाका) के रूप में हुई है, जबकि फरार आरोपी वसीम जैनुल आबादी अंसारी (निवासी माधवनगर) बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 ग्राम 16 मिलीग्राम वजन का एमडी ड्रग्स, दो मोबाइल फोन, सिगरेट पैकेट और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त किए गए कुल मुद्देमाल की कीमत 2 लाख 18 हजार 70 रुपये आंकी गई है।यह कार्रवाई ठाणे शहर पुलिस आयुक्त के आदेशानुसार लागू विशेष मनाई आदेश की अवधि के दौरान की गई। आरोपियों के पास नशीले पदार्थ रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद फैजान को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अब यह जांच कर रही है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट