समाजवादी पार्टी में बड़ी बगावत की हवा

उम्मीदवारों की भीड़ से साख पर सवाल


298 दावेदारी ने बढ़ाई पार्टी की परेशानी


भिवंडी। भिवंडी महानगर पालिका चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर उथल-पुथल साफ दिख रही है। 90 सीटों वाले भिवंडी मनपा आगामी इस चुनाव में अब तक 298 लोगों ने सपा से उम्मीदवार बनने के फार्म भरे हैं। खास बात यह है कि इनमें से 199 फार्म भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र के हैं,जबकि भिवंडी पश्चिम से केवल 59 लोग फार्म भरने में सफल हुए हैं। गुरुवार देर शाम तक कुल 137 उम्मीदवारों ने फार्म जमा किए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में फार्म भरना पार्टी की अंदरूनी असंतोष और बिखराव की तस्वीर पेश करता है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व पर दवाब इतना बढ़ गया है कि टिकट वितरण को लेकर फैसला करना मुश्किल होता जा रहा है। कई दावेदारों ने खुले तौर पर नाराजगी जताई है और इस स्थिति से सपा की साख पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। भिवंडी पूर्व से फार्म भरने वालों की संख्या यह संकेत देती है कि पार्टी में अंदरूनी संघर्ष किसी नियंत्रण से बाहर होने की कगार पर है। पिछले विधायक चुनावों में जहां सपा ने यहां मजबूत पकड़ बनाई थी, अब अंदरूनी कलह और टिकट की दौड़ से पार्टी का कुनबा बंटने की आशंका है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर पार्टी नेतृत्व ने संतुलन बनाए बिना टिकटों का वितरण किया तो यह न सिर्फ उम्मीदवारों में विरोध पैदा करेगा बल्कि मतदाताओं के मन में भी पार्टी के प्रति विश्वास कमजोर हो सकता है। ऐसे में भिवंडी का यह चुनाव सपा के लिए केवल सत्ता की दौड़ नहीं, बल्कि अपनी साख बचाने की चुनौती भी बन गया है।भिवंडी में आगामी नगर पालिका चुनाव में यह देखना रोचक होगा कि क्या सपा अपने भीतर की बगावत को काबू में रख पाएगी, या यह भीड़ उसके लिए राजनीतिक संकट बन जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट