बी.एन.एन. महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना ने रचा नया कीर्तिमान
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 26, 2025
- 126 views
भिवंडी। पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव भारतीय समाज उन्नती मंडल द्वारा संचालित बी.एन.एन. महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने शैक्षणिक वर्ष 2025–26 में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। मुंबई विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न शैक्षणिक व नेतृत्व प्रशिक्षण शिविरों में महाविद्यालय के स्वयंसेवकों का चयन हुआ है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता को नई पहचान मिली है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं विभागीय समन्वयक डॉ. आर. एल. रूपवते को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए आदर्श कार्यक्रम अधिकारी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ठाणे के डीसीपी के हाथों उन्हें आदर्श नोडल ऑफिसर, भिवंडी का प्रतिष्ठित सम्मान भी प्रदान किया गया।
मुंबई विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित लीडरशिप कैंप के लिए वंशिका नाईक, चांदनी शेख और मोहम्मद इसरार शहा का चयन किया गया है। वहीं आव्हान कैंप के लिए मानसी झा का चयन पंजाबराव देशमुख कृषि विद्यापीठ, अकोला में हुआ है। इसके अलावा मुंबई विश्वविद्यालय के उत्कर्ष कैंप में भी चांदनी शेख का चयन होने से महाविद्यालय की उपलब्धियों में और इजाफा हुआ है। इस सफलता पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शशिकांत म्हाळुंकर सहित समस्त प्राध्यापकों ने चयनित स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारी को बधाई दी है। बी.एन.एन. महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना का यह सफर समाजसेवा और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में प्रेरणादायी बनता जा रहा है।


रिपोर्टर