10 लाख की बिजली चोरी का मामला दर्ज

भिवंडी। भिवंडी के शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में बिजली चोरी और आर्थिक ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये से अधिक की बिजली चोरी सामने आई है।

पहले मामले में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी में उपकार्यकारी अभियंता के पद पर कार्यरत एम. श्रीहरिचंद्र भास्कर पोपलघर ने शांति नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार गोवे गांव निवासी प्रेमनाथ लक्ष्मण मुकदम ने नवंबर 2024 से अगस्त 2025 के दौरान अपने आर्थिक लाभ के लिए अवैध रूप से बिजली चोरी की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मीटर से छेड़छाड़ कर कुल 36,485 यूनिट बिजली का अवैध उपयोग किया, जिससे विद्युत वितरण कंपनी को करीब 5 लाख 86 हजार 80 रुपये का नुकसान हुआ।

दूसरे मामले में टोरेंट पावर कंपनी के एक्जीक्यूटिव लक्ष्मीकांत सुदाम भवर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार शास्त्री नगर निवासी फहीम खलीलुल्ला अंसारी ने मीटर सेक्शन पिलर से अवैध कनेक्शन लेकर बिना अधिकृत मीटर के बिजली का उपयोग किया। जांच के दौरान करीब 13,031 यूनिट बिजली चोरी का खुलासा हुआ, जिससे विद्युत कंपनी को लगभग 4 लाख 7 हजार 515 रुपये का नुकसान हुआ है। शांति नगर पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट