चोरी की दो वारदातें, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण उड़ाए
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 10, 2026
- 100 views
अज्ञात चोरों के खिलाफ दो थानों में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
भिवंडी। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अलग-अलग इलाकों में हुई दो वारदातों में अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहली घटना कामतघर इलाके के काशीनगर की है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजेश्वरी राजेशाम सिलवेरी अपने घर के दरवाजे के पास खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने मौका देखकर बड़ी चालाकी से उनके गले से करीब 30 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गया। इस झपटमारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की शिकायत पर शहर पुलिस स्टेशन में अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।दूसरी वारदात काल्हेर पाइपलाइन इलाके में सामने आई है। यहां रहने वाले अमोल सुभाष महिद (34) किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने बेडरूम में रखी लकड़ी की अलमारी से करीब 1 लाख 22 हजार 400 रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इस मामले में नारपोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस दोनों ही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी व स्थानीय सुरागों के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


रिपोर्टर