भिवंडी में 153 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित

शांतिनगर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 58 केंद्र, पुलिस की कड़ी नजर


भिवंडी। चुनाव के दौरान संवेदनशील माने जाने वाले भिवंडी शहर में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। शहर के कुल 718 मतदान केंद्रों में से 153 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। यह संख्या कुल मतदान केंद्रों का लगभग 21 प्रतिशत है। इनमें सबसे अधिक 58 संवेदनशील मतदान केंद्र शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।

भिवंडी में हर चुनाव के दौरान मारपीट, डराने-धमकाने और दहशत फैलाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने कुछ विशेष इमारतों और उनमें स्थित मतदान केंद्रों को ‘संवेदनशील’ की श्रेणी में रखा है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार, शहर में कुल 173 इमारतों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 146 इमारतों में स्थित 565 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी में हैं, जबकि 27 इमारतों में मौजूद 153 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। संवेदनशील घोषित किए गए प्रमुख इलाकों में आईटीआई बिल्डिंग (ईदगाह), हंडी कंपाउंड, आजमी नगर, टावरे कंपाउंड, समद नगर, नई बस्ती, प्रभाग क्रमांक तीन की बिल्डिंग, शास्त्रीनगर, भाग्य नगर, संगम पाड़ा, कोंबडपाड़ा, म्हाडा कॉलोनी, बंदर मोहल्ला और भंडारी कंपाउंड शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन सभी इलाकों में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष बंदोबस्त किए जाएंगे। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स, गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट