भिवंडी मनपा चुनाव में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के उम्मीदवारों को कल्याण रोड संघर्ष समिति का खुला समर्थन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 12, 2026
- 101 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका चुनाव 2025-26 के मद्देनज़र कल्याण रोड व्यापारी व रहिवाशी संघर्ष समिति ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सभी अधिकृत उम्मीदवारों को खुला और सार्वजनिक समर्थन देने की घोषणा की है। यह घोषणा सोमवार, 12 जनवरी को की गई। इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष शादाब उस्मानी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हमेशा कल्याण रोड क्षेत्र के व्यापारियों और रहिवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है। उन्होंने बताया कि बीते दस वर्षों में दो बार क्षेत्र की दुकानों, मकानों और धार्मिक स्थलों को तोड़फोड़ से बचाने में शिंदे साहब की अहम भूमिका रही है। उस्मानी ने कहा, “जो हमारे सुख-दुख में हमारे साथ खड़ा रहा, उसका साथ देना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”इसी भावना के तहत संघर्ष समिति की ओर से कल्याण रोड के सभी व्यापारी भाइयों और रहिवासियों से अपील की गई है कि भिवंडी शहर में जहां-जहां शिंदे गुट के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, उन्हें अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाएं। विशेष रूप से कल्याण रोड क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13, 15 और 09 के उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करने की अपील की गई है, ताकि अधिक से अधिक जनप्रतिनिधि जीतकर महानगरपालिका में क्षेत्र के हितों की मजबूती से आवाज उठा सकें।संघर्ष समिति के महासचिव राम लाहारे ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज की राजनीति में बिल्डर लॉबी का दबाव कई नेताओं पर देखने को मिलता है, लेकिन इसके बावजूद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज भी आम जनता और उनके अधिकारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता का समर्थन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस समर्थन घोषणा के बाद भिवंडी मनपा चुनाव में राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


रिपोर्टर