समाजवादी पार्टी की संकल्प सभा में उमड़ी भारी भीड़
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 12, 2026
- 104 views
अबू आज़मी ने रईस शेख पर साधा निशाना
भिवंडी। मुस्लिम बहुल भिवंडी शहर में समाजवादी पार्टी का मजबूत जनाधार रहा है। इसी वजह से यहां से समाजवादी पार्टी के नेता रईस शेख लगातार दो बार चुने गए। हालांकि, हाल के दिनों में रईस शेख द्वारा पार्टी लाइन से अलग जाकर कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवारों का समर्थन किए जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है।
इसी पृष्ठभूमि में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आज़मी रविवार को पहली बार भिवंडी पहुंचे। शांतीनगर स्थित केजीएन चौक पर भिवंडी पूर्व विभाग के पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित संकल्प सभा में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। सभा को संबोधित करते हुए अबू आज़मी ने स्थानीय विधायक रईस शेख और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया। अबू आज़मी ने अपने भाषण में कहा कि रईस शेख खुद को विधायक होने का घमंड दिखा रहे हैं, जबकि वे स्वयं चार बार विधायक चुने जा चुके हैं, लेकिन कभी पद का अहंकार नहीं रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि रईस शेख कांग्रेस और एनसीपी के साथ जाकर दलाली कर रहे हैं और उनके उम्मीदवारों को जिताने का काम कर रहे हैं।
आज़मी ने कहा, “हमारे खून में गद्दारी नहीं है। यहां का चौकीदार ही चोर निकला। जिन्होंने दाने डालकर लोगों को खरीदा, उन्होंने मुझे भी खरीदने की कोशिश की, लेकिन मैं नहीं बिका।”
प्रदेश अध्यक्ष ने रईस शेख को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि उन्हें गद्दारों के साथ जाना है तो शौक से जाएं, लेकिन समाजवादी पार्टी का झंडा छोड़कर जाएं और विधायक पद से इस्तीफा दें। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 तारीख तक इंतजार किया जाएगा, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। आज़मी ने आरोप लगाया कि कुछ नेता भाजपा का महापौर बैठाने की साजिश कर रहे हैं और इसी कारण पार्टी के साथ विश्वासघात हो रहा है। सभा के दौरान अबू आज़मी के तीखे तेवर और बयानों ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया। इस सभा के दरमियान समाजवादी पार्टी के भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सपा उम्मीदवार व भिवंडी सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद थे।


रिपोर्टर