भिवंडी में 3.42 लाख की बिजली चोरी का खुलासा..

खाड़ीपार अहमद नगर रोड के मकान में अवैध कनेक्शन, आरोपी पर केस दर्ज


भिवंडी। भिवंडी के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में खाड़ीपार, अहमद नगर रोड स्थित एक मकान में अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने का बड़ा खुलासा हुआ है। टोरेंट पावर कंपनी की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की शिकायत टोरेंट पावर कंपनी में एक्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत कु. अयुरी ओंकार परवारकर (27) ने 22 जनवरी को शांतिनगर पुलिस थाने में दर्ज कराई है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी उबैद मतीउल्लाह खान, जो अहमद नगर रोड, खाड़ीपार भिवंडी का निवासी है, ने अपने मकान में बिजली मीटर को बायपास कर सीधे अवैध कनेक्शन जोड़ रखा था। टोरेंट पावर की विजिलेंस टीम द्वारा की गई जांच में यह पाया गया कि आरोपी ने 10/2 स्क्वेयर एमएम के नीले रंग के केबल और दो कोर काले तार का उपयोग कर सीधे बिजली लाइन से कनेक्शन लिया था। इस अवैध व्यवस्था के जरिए लंबे समय से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा कुल 10,159 यूनिट बिजली की चोरी की गई, जिससे टोरेंट पावर कंपनी को करीब 3,42,343.06 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और अवैध केबल तथा तार जब्त कर लिए। शांतिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, हालांकि घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आगे की जांच जारी है। लगातार सामने आ रहे बिजली चोरी के मामलों से टोरेंट पावर कंपनी को भारी नुकसान हो रहा है, वहीं टोरेंट पॉवर कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध बिजली उपयोग से बचें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट