भिवंडी मनपा में सत्ता का महासंग्राम, 20 फरवरी को तय होगी महापौर-उपमहापौर की कुर्सी तेज हुई राजनीतिक हलचल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 13, 2026
- 61 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका में सत्ता के नए समीकरणों को लेकर सियासी तापमान अचानक बढ़ गया है। नगर सचिव द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार आगामी 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 12 बजे मनपा मुख्यालय के सभागृह में विशेष सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें अगले ढाई वर्षों के कार्यकाल के लिए नए महापौर और उपमहापौर का चुनाव किया जाएगा। महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम की धारा 19(1) के तहत यह विशेष बैठक बुलाई गई है। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक उम्मीदवारों को 16 फरवरी 2026 को दोपहर 3 से 5 बजे के बीच नगर सचिव के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर नामांकन पत्र दाखिल करना होगा। 20 फरवरी को सभा के प्रारंभ में ही पीठासीन अधिकारी एवं ठाणे जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्णनाथ पांचाल नामांकन पत्रों की जांच करेंगे और वैध उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। नियमानुसार उम्मीदवारों को 15 मिनट के भीतर नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा।इसके बाद मतदान की प्रक्रिया हाथ उठाकर पूरी की जाएगी। यदि किसी स्थिति में दो उम्मीदवारों को समान मत मिलते हैं, तो विजेता का फैसला लॉटरी पद्धति से किया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह चुनाव भिवंडी की आगामी राजनीति और विकास की दिशा तय करने में निर्णायक साबित हो सकता है। चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं और सत्ता समीकरणों को लेकर जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। शहर की नजरें अब 20 फरवरी की इस अहम बैठक पर टिकी है क्योंकि किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। 90 सीटों वाली मनपा में कांग्रेस पार्टी के 30, भाजपा 22,राकांपा ( शरद पवार) 12, शिवसेना ( शिंदे ) 12, समाजवादी 06,कोर्णाक विकास आघाडी 06, भिवंडी विकास आघाडी (एकता मंच) 03 और अपक्ष 01 सीट पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस, राकांपा व समाजवादी सेकुलर फ्रंट बनाकर महापौर बनाने की दावा की है। जबकि इस खेमे समाजवादी के 6 नगरसेवक सेकुय फ्रंट छोड़कर खिसक लिए है। वही पर भाजपा में अंतरकलह होने से सुमित पास पाटिल व नारायण चौधरी दो लोगों ने महापौर पद के लिए दावा किया है।


रिपोर्टर