भिवंडी सब जेल से शातिर चोर फरार, लोहे की जाली तोड़कर पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी

चैन स्नैचिग और मोबाइल चोरी के 16 मामलों में वांछित


जेल सुरक्षा पर उठे सवाल, पुलिस की तलाश तेज

भिवंडी। भिवंडी सब जेल से एक शातिर अपराधी के फरार होने की घटना ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। चैन छिनौती और मोबाइल चोरी के कई मामलों में गिरफ्तार आरोपी ने रविवार रात करीब 9 बजे पुलिस को चकमा देकर जेल से फरार होने में सफलता हासिल कर ली। फरार आरोपी की पहचान रवींद्र भोसले (28), निवासी देवजी नगर के रूप में हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात आरोपी को औषधि और भोजन देने के लिए सब जेल से बाहर निकाला गया था। इसी दौरान उसने बंदोबस्त पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर से बचते हुए मौके का फायदा उठाया और वहां लगी लोहे की जाली तोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि रवींद्र भोसले चैन छिनौती और मोबाइल चोरी के मामलों में शातिर अपराधी है। गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी क्राइम ब्रांच ने करीब आठ दिन पहले उसे गिरफ्तार किया था। सोमवार (16 फरवरी) तक पुलिस कस्टडी होने के कारण उसे तहसीलदार कार्यालय परिसर स्थित सब जेल में रखा गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भिवंडी, कल्याण, ठाणे, उल्हासनगर, कर्जत रेलवे और पुणे रेलवे क्षेत्र में कुल 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें 13 चैन स्नैचिग चोरी और 3 मोबाइल चोरी के मामले शामिल हैं। उसकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से करीब 15 तोला सोने के आभूषण और 21 मोबाइल फोन समेत करीब 8 लाख 55 हजार रुपये का माल बरामद किया था। 

आरोपी के फरार होने के बाद शांतीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुट गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है, वहीं जेल सुरक्षा में हुई चूक की भी जांच की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट