सारंगपुर विधानसभा को 135.42 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक सौगात सड़क, भवन एवं आधारभूत संरचना के विकास से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

राजगढ़ । जिले की सारंगपुर विधानसभा को 135.42 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। सड़क एवं भवन निर्माण से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रकल्पों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने दी विस्तृत जानकारी।

इस संबंध में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने बताया कि सारंगपुर विधानसभा में 135.42 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण एवं उन्नयन कार्य किए जाएंगे। स्वीकृत प्रमुख कार्यों में करौंदी से हीरापुर मार्ग का निर्माण एवं उन्नयन, निपानिया से भण्डावद मार्ग का विकास, खजुरिया घाट से कालापीपल खेड़ा तक सड़क निर्माण, सारंगपुर संडावता मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण।  इन मार्गों के विकसित होने से ग्रामीण अंचलों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुगमता होगी, जिससे कृषि आधारित व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने बताया कि उड़नखेड़ी में नवीन विश्रामगृह (रेस्ट हाउस) का निर्माण किया जाएगा। जिससे शासकीय अधिकारियों एवं आगंतुकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही पचोर स्थित रेस्ट हाउस में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण भी कराया जाएगा। जिससे आवासीय व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि ये विकास कार्य सारंगपुर विधानसभा की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन के साथ जनहितैषी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे किसान, महिलाएं, मजदूर एवं सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में यातायात सुविधाजनक होगा। व्यापार एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। क्षेत्रवासियों में इन विकास कार्यों को लेकर उत्साह का वातावरण है।।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट