कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला 23 से 25 फरवरी तक
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Feb 20, 2026
- 11 views
राजगढ़ । कृषकों की आय वृद्धि, उन्नत तकनीकों के प्रसार और नवाचार आधारित खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला का आयोजन 23, 24 एवं 25 फरवरी 2026 को मोहनपुरा कृषि धाम (मोहनपुरा डेम के समीप), राजगढ़ में किया जाएगा।
उप संचालक सह परियोजना संचालक “आत्मा”, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कृषि मेला मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल तिलहन तथा आत्मा योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। मेले में उन्नत बीज, नवीन कृषि यंत्र, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मिलेट्स (श्री अन्न) उत्पादन, तिलहन फसलों की उन्नत तकनीक, उद्यानिकी फसल प्रबंधन, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी कृषकों को प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले कृषकों को सभी योजनाओं की समुचित जानकारी, तकनीकी परामर्श एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि कृषि विज्ञान मेला किसानों के लिए नई तकनीकों को समझने, उत्पादन लागत कम करने तथा आय में वृद्धि के अवसरों को जानने का सशक्त मंच सिद्ध होगा। जिले के समस्त कृषकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कृषि विज्ञान मेले में सहभागी होकर आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।


रिपोर्टर