खरेंदा में 15 घंटे से बिजली गुल, ट्रांसफार्मर खराब

संवाददाता सूचित पांडेय की रिपोर्ट 

रामपुर (कैमूर)--- प्रखंड के खरेंदा पंचायत के खरेंदा गांव में पिछले करीब 15 घंटे से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण आधे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार शाम से ट्रांसफार्मर खराब है। विभाग को सूचना देने के बाद मिस्त्री मौके पर पहुंचे, लेकिन ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं हो सकी।

बिजली नहीं रहने से घरों में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी व अंधेरे में परेशानी हो रही है। मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का संपर्क प्रभावित है, वहीं बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई भी नहीं कर पा रहे हैं। पानी की मोटर बंद रहने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता से अविलंब ट्रांसफार्मर बदलकर या उसकी मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

इस संबंध में रामपुर के कनीय अभियंता परमेश्वर कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण ट्रांसफार्मर खराब हुआ है। रविवार होने के कारण आज नया ट्रांसफार्मर नहीं लग पाएगा। सोमवार को नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट